27 सितंबर 2026, यह वह तारीख है जब मैं जीवन के अर्ध शतक पर दस्तक दे रहा हूं और पहली मैराथन पूरी की है।
मेरे इस कारनामे पर मेरे बचपन के मित्रों को आश्चर्य हो रहा होगा, उन्हें यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा होगा कि खेल कूद, दौड़ धूप में फिसड्डी रहने वाला अब मैराथन पूरी कर रहा है।
पिछले दस वर्ष से अर्ध मैराथन मे भाग ले रहा हुं। साल मे कम से कम एक से दो अर्ध मैराथन हो ही जाती है। इससे अधिक कभी कोशिश नही की।
2016 में पहली बार अर्ध मैराथन पूरी की थी , जबकि एक बरस पहले 2015 में दस किमी पूरी की थी। इन दो लंबी दौड़ से पहले के दौर में 2006 मे पहली बार स्पिरिट ऑफ़ विप्रो मे 5 किमी की दौड़ मे भाग लिया था। उसके बाद हर वर्ष 5 किमी वाली श्रेणी मे भाग ले ही लेता था। स्पिरिट आफ़ विप्रो मे 5 किमी वाली श्रेणी दौड़ कम सेल्फ़ी दौड़ अधिक होती है, लोग केवल मनोरंजन के लिए दोस्तों, परिवार के साथ टहलते, दौड़ते या चलते हुये ही भाग लेते है।
मेरा बचपन महाराष्ट्र के विदर्भ मे एक छोटे गांव झालीया मे बीता है। मेरी खेलकुद मे अधिक सक्रियता कभी नही रही थी, लेकिन जब भी मौका मिले क्रिकेट, वॉलीबॉल जैसे खेल खेल लेते थे। लेकिन हर साल कम से कम दो तीन बार हमारी मित्र मंडली में सुबह दौड़ने का भूत चढ़ता था। अक्सर ये कार्तिक महीने में होता था, जब हम कार्तिक स्नान अर्थात कार्तिक महीने में सूर्योदय से पहले स्नान का प्रण लेते थे। सुबह पांच बजे उठकर सारे गांव मे शोर मचाते हुये , चौक पर जमा होते थे। उसके बाद दौड़ते हुये कावराबांध गांव की ओर जाते थे। कावराबांध गांव से पहले एक किमी का पत्थर है, सारे लोगो की हालत उस एक किमी मे पस्त हो जाती थी। वहाँ से लौट कर रास्ते मे नहर के पास मे ठहरते थे। पहले किसी खेत मे निपट कर, वहीं नहर मे नहा धो कर वापस घर पहुंचते थे। किसी दिन नहर मे कूद कर नहाते थे, किसी दिन किसी किसान के खेत मे चल रहे पानी के पंप की तेज धार के सामने खड़े हो कर नहाते थे। ये सुबह की दौड़ कार्तिक माह के अंत तक चलती थी, उसके बाद ठंड तेज होना शुरु होती थी। धीरे धीरे बढ़ती शीत के कारण एक के एक बाद एक लोग गायब होते जाते और सुबह की दौड़ बंद हो जाती।
मित्र मंडली पर सुबह की दौड़ का अगला दौरा, होली के बाद स्कूल की परिक्षाओं के बाद पड़ता था, यह दौरा भी एकाध महिने चलता, जैसे ही गर्मीओं की छुट्टी चालू होती, आधी मित्र मंडली गायब हो जाती। ना, गर्मियों की छुट्टी मे ननीहाल जाने का सुख उठाने वाले दोस्त कम थे। कुछ दोस्त अपने बूढ़े दादा दादी के साथ गाँव में रहते थे, जबकि उनके मातापिता नागपुर या रायपुर मे मजदूरी या कोई काम करते थे तो वे गर्मियों मे उनके पास चले जाते थे। कुछ दोस्त छुट्टीयों मे खुद मजदूरी करने नागपुर/रायपुर चले जाते थे। बचे हम यातो ननीहाल दुर्ग चले जाते या ताउजी के घर भोपाल!
साल मे कुल मिला कर एक दो महीने एक से दो किमी से अधिक दौड़ने की आदत कभी नही रही। स्कूल मे खेल कूद मे हम भाग बहुत कम ही लेते थे, वो भी शिक्षकों द्वारा जबरन खेल मैदान में धकिया देने के बाद ही। गांव मे कबड्डी, खोखो, वालीबाल और 1986-87 के बाद क्रिकेट खेल लेते थे। गुल्ली डंडा, कंचे, होलापाती, लुकाछिपी, नदी पहाड़ जैसे ठेठ गंवई खेल तो थे ही। बाद मे गर्मीयों की दोपहर मे कैरम, ताश का भी चस्का चढ़ा था।
स्कूल जीवन बीता, कालेज पहुंचे। अब तो खेल कूद से बहुत दूर हो गये थे। खेल मे कम से कम कभी कभार क्रिकेट खेल लेते थे, लेकिन दौड़ना एकदम से बंद हो गया था। 1998 में इंजीनियरींग पूरी की, नौकरी करने घर से निकले और उसके साथ खेल कूद भी छूट गया।
1998-2005 यह एक ऐसा दौर रहा, जब खेल कूद पूरी तरह से बंद हो गया, दौड़ने का तो नाम ही नही था। इन्ही दिनो मे गोंदीया से मुंबई, दिल्ली होते हुये हम चेन्नई पहुंच गये थे। चेन्नई मे चावल-सांभर खा खा कर वजन बढ़ने लगा था। ऑफिस के सहकर्मी विक्रम की संगत मे ऑफ़िस मे कभी कभार जिम जाने लगे। जिम मे ट्रेडमिल पर 20 मिनट दौड़ लेते थे। यह दौड़ना नियमित नही था, मूड हुआ तो जाओ नही हुआ तो नही।
2005 मे पहली बार लंबे समय के लिए अमरीका पहुंचे। क्लिवलैंड के पास एक्रान मे छह महीने रहे। यहाँ पर कम से कम यह हुआ कि देशी मंडली के साथ शाम को एक घंटा वालीबाल खेल लेते थे।
2007 मे ब्याह हुआ, और हम सपत्नीक पहुंच गये फ़िलाडेल्फ़िआ। वजन बढ़ना जारी था लेकिन इतना अधिक भी नही था। फ़िलाडेल्फ़िआ मे शाम को छ: बजे खाना खाने के बाद नौ बजे के आसपास जिम जाने लगे। कुछ देर ट्रेडमिल पर दौड़ते, अन्य उपकरणों पर हाथ आजमाते और वापिस आ जाते। ये सब भी गंभीर नहीं था, बस शाम को टहलते हुए पहुंच जाते थे।
फ़िलाडेल्फ़िआ से भारत आये, कुछ दिनो के बाद दूसरे कोने में सिडनी आस्ट्रेलिया जा पहुंचे। यहाँ पर खेलकुद या अन्य शारीरीक गतिविधि के नाम पर किसी दिन सनक चढ़ने पर नार्थ सिडनी से पैदल हार्बर ब्रिज पार करते हुये मार्टिन प्लेस चला जाता था। सप्ताहांत को आवारागर्दी करते हुये सिडनी के आसपास के सभी बीच, जंगल, पहाड़ पर अवारागर्दी की थी। लेकिन दौड़ना अब भी नही था।
ऐसे मे आया 2012, जब दुनिया समाप्त होने वाली थी। जून 2012 मे हम लोग स्नोवी माउंन्टेन घूमने गये। बर्फ़ मे स्किइंग की योजना बनी। स्की किराये पर लेने से पहले वजन किया, पता चला कि हम 90 किलो पार कर चुके है। अब हम चकराये, वजन कम करने के लिये योजना बनाई। सोचा कि खाने पीने मे कटौती कर वजन कम करते है। लेकिन डाइटिंग की योजना भयानक तरीके बैकफ़ायर कर गई। मेरा काम एक बैंक के साइबर सिक्युरिटी ऑपरेशन को संभालने का था। ये थोड़ा तनाव वाला काम था। खाने पीने मे कटौती से और काम के तनाव से एसीडीटी की समस्या शुरू हो गई। भारत के एक डॉक्टर की सलाह पर एसीडीटी की दवाईयाँ शुरु की, उसने एक एंटी-साइकोटिक दवा भी दे दी। इन दवाईयों को अचानक बंद करने पर उसके विथड्राल प्रभाव ने मुझे अवसाद और एन्जाईटी की ओर धकेल दिया। इस अवसाद और एन्जाईटी के दौर लगातार 15 दिनो तक सो नही पाया था। सिडनी के अस्पताल में इमरजेंसी में भर्ती हुए, उन्होंने मुझे मनोचिकित्सक की ओर भेजा जिसने अवसादरोधी दवायें दी और सलाह दी कि इस तरह की समस्याओं मे दौड़ना मदद करता है। दौड़ते समय कुछ हार्मोन निकलते है वे अवसाद भी दूर करते है।
2012 से शुरु हुआ गंभीरता से दौड़ने का दौर। शुरुवाती दो किमी से पांच छह किमी रोजाना दौड़ना आरंभ किया। 2013 मे भारत वापिस आये। उसके बाद रोज चार-पांच किमी दौड़ते रहे। 2013 और 2014 में स्पिरिट आफ़ विप्रो मे पांच किमी वाली श्रेणी में दौड़ लगाई। इस दौरान रोजाना दौड़ लगाने वाले समुदाय के संपर्क मे आये। इस तरह 2015 मे पहली बार दस किमी की दौड़ लगाई।
2016 मे पहली अर्ध मैराथन पूरी की, उसके बाद अब तक दौड़ ही रहे है। 2016 से 2025 तक दस अर्ध मैराथन पूरी की। अब हालात यह है कि यदि किसी दिन दौड़ ना लगाओ तो कुछ खोया खोया सा लगता है। दौड़ने की लत लग गई है। लेकिन अब शारीरिक क्षमता ऐसी है कि 2026 में दस बारह किमी तो कुछ नही है, 20 किमी भी आराम से दौड़ जाते है।
2024 में पहली बार सोचा कि चलो अब पूरी मैराथन दौड़ता हूं। प्रैक्टिस शुरू की लेकिन अंत में अर्ध मैराथन ही पूरी की। 2025 में प्रैक्टिस बेहतर रही लेकिन हिम्मत नहीं कर पाया और फिर से अर्ध मैराथन ही दौड़ा।
लेकिन 2026 में ठान लिया था कि इस बरस हर हाल में मैराथन पूरी करना ही है। प्रैक्टिस शुरू की, 10 किमी, 12 किमी, 16 किमी, 18 किमी, 22 किमी, 26 किमी, 29 किमी, 32 किमी और 34 किमी की प्रैक्टिस दौड़ पूरी की। इन सारी प्रैक्टिस दौड़ में एक बात तय हो गई कि लंबी दौड़ में शारीरिक से अधिक मानसिक तैयारी चाहिए। यदि मानसिक मजबूती हो तो कोई भी दौड़ पूरी हो सकती है।
और 27 सितंबर को मैराथन पूरी कर ली। अंतिम चार किमी बहुत मुश्किल थे, उस वक्त लगा कि बस ये पहली और अंतिम बार! लेकिन आज एक सप्ताह बाद बरस की योजना बना रहा हूं।
जब मैराथन या लंबी दूरी की कोई दौड़ दौड़ते है तो लक्ष्य रहता है कि बिना रुके दौड़ना है और दौड़ पूरी करनी है। समय या अन्य प्रतियोगियों से स्पर्धा का तो सोचते ही नही है। लेकिन यह संतोष रहता है कि अपने से आधी उम्र वालों से बेहतर समय निकाल लेता हूं!
इस बरस का रिजॉल्यूशन था कि पचास से पहले मैराथन, वो हो गया। अगला लक्ष्य सोचना है , शायद साढे चार घंटे का ...
2019 में लिखी पोस्ट का अपडेटेड वर्शन
#marathon #sow2026, #halfmarathon #bangaloremarathon


0 टिप्पणियाँ