Looking For Anything Specific?

ads header

सर्वप्रथम कम्यूटर दर्शन

गार्गी इस वर्ष दूसरी कक्षा मे है, कल उसकी कंप्यूटर विषय की पुस्तक देखी, उसके पाठ्यक्रम मे माइक्रोसाफ़्ट वर्ड और एक्सेल भी है। हम थोड़े चकराये कि ये विषय इतनी जल्दी कैसे?  लेकिन जब गार्गी को आसानी से वर्ड मे टाईप कर सलीके से फ़ॉर्मेट करते देखा तो लगा कि नई पीढ़ी तकनीक जल्दी और आसानी से सीख लेती है।

मै स्वयं कंप्यूटर इंजीनियर हुं। कंप्यूटर का प्रयोग करते हुये लगभग एक चौथाई सदी बीत गई है, लेकिन मैने पहली बार कंप्यूटर के दर्शन नौवीं कक्षा मे किये थे। दूसरा दर्शन इंजीनियरींग मे प्रवेश के समय हुआ था। कंप्यूटर पर सबसे पहला ढंग से कार्य इंजीनियरींग के दूसरे वर्ष से शुरु हुआ था। अर्थात शिक्षा के चौदहवें वर्ष मे जबकि अगली पीढ़ी उसे दूसरे बरस से ही सीख रही है।

स्थान : जिला परिषद हाई स्कूल कावराबांध/ देवरी
वर्ष : 1989/90

यह वह समय था जब सरकारी स्कूलों मे भी कंप्यूटर आना शुरु हो गये थे। मै जिला परिषद हाई स्कूल कावराबांध मे कक्षा नवमी मे पढ़ता था। उसी समय पास के एक अन्य सरकारी स्कूल जिला परिषद हाई स्कूल देवरी मे दो कंप्यूटर दिये गये थे। यह स्कूल मेरे स्कूल से 45 किमी दूरी पर था। मेरे स्कूल के विज्ञान शिक्षकों मे योजना बनाई की कुछ छात्रों को देवरी स्कूल ले जाकर कंप्यूटर दर्शन करायें जाये। इन शिक्षको मे एक मेरे पापा ही थे जो हमे गणित और भौतिकी पढ़ाते थे। छात्रों का चयन हुआ, कक्षा आठ, नौ और दस से कुल तीस छात्र चुने गये।

योजना बनी कि अगले सप्ताह सुबह छः बजे बस से छात्रों के साथ तीन शिक्षक देवरी जायेंगे। सभी को कंप्यूटरो के दर्शन करा कर दोपहर तक लौट आयेंगे। सरकारी स्कूल था, अधिक बजट नही था तो छात्रो से कहा गया कि अपना नाश्ता और खाना स्वयं लेकर आये, स्कूल केवल आने जाने का किराया देगा।

सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे सारे छात्र कावराबांध बस स्टाप पर जमा हुये और छः बजे की महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस से देवरी की ओर चल दिये। स्कूल से दिये गये कुछ दस्तावेजो  की सहायता से छात्रों का टिकट एक चौथाई हो गया था। इतनी सुबह बस सामान्यत: खाली रहती थी, अब वह हम छात्रों से खचाखच भरी हुई थी। देवरी कुल 45 किमी दूर था, लेकिन बस आमगांव होते हुये रास्ते के हर गांव मे रूकते जाने वाली थी, इस दूरी को तय करने मे दो घंटे लग गये। सुबह आठ बजे देवरी पहुंचे, बस ने हमे देवरी स्कूल के सामने ही उतार दिया था।

सब देवरी स्कूल पहुंचे। हमारे शिक्षक देवरी स्कूल के शिक्षको से इस तरह मिले कि पुराने बिछड़े हुये मित्र मिल रहे है। शिक्षको मे चर्चा हुई, पता चला कि कंप्यूटर रूम मे इतनी जगह नही है कि तीस छात्रों को एक साथ कंप्यूटर दर्शन कराया जा सके। तय हुआ कि दस दस छात्रों के तीन समूह बनायेंगे और एक के बाद एक समूह को दर्शन कराया जायेगा। हमारा नाम तीसरे समूह मे आया।

उन दिनो मे कंप्यूटर नाजूक हुआ करते थे, उन्हे वातावनाकुलित कमरो मे रखा जाता था, धुल से बचाया जाता था। इसलिये कंप्यूटर दर्शन से पहले मंदिर के जैसे ही चप्पल जूते बाहर उतारे जाते थे।

पहला समूह चप्पल जूते उतार कर अंदर गया, देड़  घंटे बाद लगभग साढ़े दस बजे वह बाहर आया तो उनके चेहरे पर लगभग वही भाव थे जो यशोदामाता के चेहरे कृष्ण मे मुख मे ब्रह्मांड के दर्शन करने पर आये थे। इसके बाद दूसरा समूह अंदर गया, हम बचे छात्र स्कूल के बाहर मैदान पर बैठकर अपने शिक्षको के साथ घर से लाया नाश्ता करने लगे। बारह बजे के बाद दूसरा समूह बाहर आया। जब हमारी बारी आयी तो पता चला कि बारह से तीन बिजली गुल रहेगी, स्कूल मे UPS नही है, तो कंप्यूटर दर्शन तीन बजे के बाद ही होंगे।

हमारे शिक्षको मे आपातकालीन चर्चा हुई कि अब क्या किया जाये ?  तय हुआ कि बारह किमी दूर पर बाघ नदी पर सिरपुर बांध है। तीन घंटो मे सिरपुर बांध जाकर वापस आया जा सकता है। 

स्कूल के बाहर बस स्थानक था। सारे छात्र और शिक्षक लगी बस पर सवार हुये और 30 मिनट मे सिरपुर बांध पहुंच गये। यह बांध अधिक बड़ा नही है लेकिन इसका जल भराव क्षेत्र इतना अधिक है कि दूर दूर तक पानी ही नजर आ रहा था। बांध के उपर शिक्षको ने बांध के पानी को नदी मे छोड़ने के लिये बने विशाल गेट दिखाये। कृषि सिंचाई के लिये पानी की नहरे दिखाई। उसके बाद पास के एक पार्क मे जाकर सब लोगो ने घर से लाया खाना खाया। इस सब मे दो बज गये थे। हम वापस देवरी के लिये बस पकड़ने के लिये खड़े हो गये। कुछ देर मे बस आई और हम देवरी स्कूल पहुंचे।

अब बारी हमारी थी। चप्पल उतार कर कंप्यूटर रूम मे पहुंचे। कंप्युटर रूम मे दो रंगीन मानीटर वाले कंप्यूटर रखे थे। ये साढ़े पांच इंच वाली फ़्लापी से बूट होने वाले DOS ऑपरेटिंग सीस्टम पर काम करने वाले कंप्यूटर थे, शायद PC AT या PC XT थे। उस समय इनमे हार्ड डिस्क नही थी। एक फ़्लापी डाल कर कंप्यूटर बूट किया गया। उसके बाद कंप्यूटर शिक्षक ने हमे कार्यप्रणाली समझाना आरंभ किया। सबसे पहले उन्होने एक वर्ड प्रोसेसर पर टाईप करना दिखाया, अब अच्छे से याद नही लेकिन शायद वर्ड स्टार था। उसके बाद किसी कैल्कुलेटर प्रोग्राम से आसान गणनाये दिखाई। हर प्रोग्राम को दिखाने के लिये वे एक फ्लापी निकालते थे और नये प्रोग्राम की फ़्लापी डालते थे। उन्होने एक पेंटींग वाला प्रोग्राम चलाया और कुछ चित्रकारी कर के दिखाई। उस कंप्यूटर मे माउस नही था, तो सारी चित्रकारी एरो कुंजी, एंटर और स्पेस बार कुंजीयों से कर रहे थे। एक फ़ूल बनाने के लिये उन्हे दस मिनट लग गये। एक पिआनो वाले प्रोग्राम से उन्होने सारेगामा बजा कर सुनाया। आखिरी बारी आई कंप्यूटर गेम की, इस गेम मे एक गेंद को उछालते रहना था, उछालने वाला ब्लाक एरो कुजींयो से नियंत्रित होता था, उसे गिरती गेंद के नीचे लाना होता था, गेंद ब्लाक से टकराकर उपर जाती और वापस नीचे गिरती थी। हमे इस आखिरी भाग मे सबसे अधिक मजा आया।

कंप्यूटर दर्शन हो गये और हम प्रफ़ुल्लित हो गये थे। बाहर आये। देवरी स्कूल ने हमारे लिये नाश्ते का इंतजाम कर रखा था। हम लोगो ने नाश्ते मे समोसो का भोग लगाया, चाय का इंतजाम केवल शिक्षकों के लिये था, छात्रो को पानी से ही संतोष करना पड़ा। इस सब मे छह बज गये थे।

स्कूल से बस स्थानक पहुंचे। बस पर सवार हुये। सारे छात्र उत्साहीत लेकिन थके हुये थे। कावराबांध तक पहुंचने मे साढ़े सात बज गये। अंधेरा हो गया था। शिक्षको ने छात्रो को सावधानी से अपने अपने गांव जाने के लिये निर्देश दिये, समूह मे आयु मे बड़े छात्रो को बाकी छात्रो की जिम्मेदारी दी।

हम झालिया गांव वाले छात्रो के साथ वापस घर आये, साथ मे पापा तो थे ही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ